समाधान दिवस में एसडीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

admin
By
admin
2 Min Read


रायबरेली ब्यूरो धीरेन्द्र शुक्ला की रिपोर्ट

ऊंचाहार, रायबरेली। शासन के निर्देशानुसार जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को ऊंचाहार तहसील सभागार में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विवेक राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे।
दोपहर से शुरू हुए इस समाधान दिवस में कुल 33 शिकायत पत्र प्राप्त हुए। एसडीएम विवेक राजपूत ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को पारदर्शी ढंग से जांच करने के निर्देश दिए। प्राप्त शिकायतों में से 3 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जिससे संबंधित ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली।
शेष 30 शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए एसडीएम ने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित की हैं। इन टीमों को मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने और जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान भूमि विवाद, अतिक्रमण और पेंशन से जुड़ी शिकायतों की संख्या सबसे अधिक रही।
समाधान दिवस के अवसर पर तहसीलदार आकांक्षा दीक्षित, बीडीओ सुनील कुमार सिंह सहित तहसील क्षेत्र के तमाम विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *