रायबरेली ब्यूरो धीरेन्द्र शुक्ल की रिपोर्ट
ऊंचाहार (रायबरेली)। ऊंचाहार थाना क्षेत्र के सलीमपुर भैरो (अकोढ़िया) गांव में तालाब पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत करना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया। पीड़ित कौशल कुमार तिवारी ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर गांव के ही कुछ दबंगों पर जान से मारने की धमकी और प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने गांव के गाटा संख्या 722 स्थित सरकारी तालाब पर विपक्षियों द्वारा किए गए अवैध कब्जे की शिकायत पूर्व में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से की थी। इसी बात से नाराज होकर विपक्षीगण बीते कल (11 जुलाई) की रात करीब 9:30 बजे उनके घर में घुस आए। आरोप है कि विपक्षियों ने पीड़ित को धमकाते हुए कहा, “तुमने हमारे खिलाफ दरखास्त क्यों दी? जैसे हम बकरा-मुर्गी काटते हैं, वैसे ही तुमको भी काट देंगे।”
दबंगों ने पीड़ित को महिला अपराध के फर्जी मुकदमों में फंसाने की भी धमकी दी। शोर-शराबा सुनकर जब ग्रामीण इकट्ठा हुए, तब जाकर आरोपी वहां से हटे। पीड़ित ने पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है और डायल 112 को सूचना देने के बाद थाने में न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

