मथुरा। राजनीति केवल सत्ता का खेल नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य को गढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। इसलिए इसमें अच्छे, ईमानदार और सिद्धांतों पर चलने वाले लोगों का आना बेहद जरूरी है। यह विचार अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण महासभा के वरिष्ठ जिलाउपाध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा ने अपने आवास पर व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि जब राजनीति में स्वार्थी और अवसरवादी लोग हावी हो जाते हैं, तो जनता का विश्वास टूटने लगता है, विकास की गति धीमी पड़ जाती है और व्यवस्था कमजोर हो जाती है। वहीं, यदि सच्चे, निष्ठावान और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने वाले लोग आगे आते हैं, तो राजनीति जनसेवा का सशक्त माध्यम बन जाती है।
श्री शर्मा ने जोर देते हुए कहा कि आज देश को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है, जो केवल चुनाव जीतने तक सीमित न हो, बल्कि समाज को सही दिशा देने के लिए कार्य करे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपने निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर देशहित को प्राथमिकता देनी चाहिए और जनता की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि यदि अच्छे और जागरूक लोग राजनीति से दूरी बनाए रखेंगे, तो गलत लोग निर्णय लेते रहेंगे, जिसका खामियाजा पूरे समाज को भुगतना पड़ेगा। इसलिए समय की मांग है कि शिक्षित, जागरूक और चरित्रवान लोग राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि देश का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बन सके।
अंत में श्री शर्मा ने कहा कि राजनीति में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अच्छे लोगों का आगे आना अनिवार्य है।
“राजनीति को बदलना है, तो अच्छे लोगों को आगे आना ही होगा।”
