होली गेट मंडल का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग प्रारंभ

admin
By
admin
4 Min Read


मथुरा। भारतीय जनता पार्टी मथुरा महानगर द्वारा संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान – 2026 के अंतर्गत होली गेट मंडल का दो दिवसीय मंडल प्रशिक्षण वर्ग शनिवार को प्रारंभ हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, पूर्व महापौर डॉ. मुकेश आर्य बन्धु एवं पूर्व जिला अध्यक्ष डी.पी. गोयल ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष लोकेश तायल ने की। यह प्रशिक्षण वर्ग 4 अप्रैल 2026 (शनिवार) से 5 अप्रैल 2026 (रविवार) तक आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण वर्ग में मंडल के कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली तथा आगामी कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। साथ ही कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत बनाने तथा जनसंपर्क को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और संगठन के विचारों को पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए। प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ संगठनात्मक कार्यों के प्रति अधिक सक्रिय बनाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है और उनके समर्पण, परिश्रम व सेवा भाव से ही संगठन निरंतर सशक्त होता है।
पूर्व महापौर डॉ. मुकेश आर्य बन्धु ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के लिए अत्यंत उपयोगी होते हैं। इनके माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की कार्यप्रणाली, अनुशासन और संगठन विस्तार की रणनीति को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय ही नहीं बल्कि पूरे वर्ष समाज के बीच रहकर सेवा और जनसंपर्क का कार्य करता है।
मुख्य वक्ता पूर्व जिला अध्यक्ष डी.पी. गोयल ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और अनुशासन से ही संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को अपने-अपने क्षेत्रों में लागू करें तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का कार्य करें।
वहीं उन्होंने ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें संगठनात्मक कार्यों के प्रति अधिक सक्रिय बनाना है। ऐसे प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है, जिससे संगठन को और अधिक मजबूती मिलती है। कार्यक्रम स्थल पर प्रशिक्षण से संबंधित एक प्रदर्शनी भी लगाई गई। संचालन महामंत्री नितिन चतुर्वेदी कृष्ण मणि सूबेदार ने किया।
इस अवसर पर पूर्व राज्य बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा, महानगर महामंत्री कुंज बिहारी चतुर्वेदी, महामंत्री विनीत शर्मा, उपाध्यक्ष संजय शर्मा, उपाध्यक्ष रामकिशन पाठक, मंत्री दीपक गोला, मंत्री कल्पना गर्ग,कोषाध्यक्ष हेमंत खंदौली, बृज क्षेत्र आईटी सह संयोजक राघव अग्रवाल,महानगर मीडिया प्रभारी पंडित श्याम शर्मा हिन्दू, योगेश आवा, पूर्व मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र अग्रवाल, पूर्व महानगर उपाध्यक्ष हेमंत अग्रवाल, नरेश शर्मा बब्बू, कुंज बिहारी भारद्वाज,अभिषेक चतुर्वेदी, ललित अग्रवाल, ज्योति चतुर्वेदी, आरती चतुर्वेदी, प्रयागनाथ चतुर्वेदी, उमंग अग्रवाल, महेश काजू, अंकित सिंह, राजेंद्र पटेल,हरिओम शर्मा,अनिल गोला सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *