- रायबरेली ब्यूरो धीरेन्द्र शुक्ला की रिपोर्ट
ऊंचाहार, रायबरेली। जनपद के ऊंचाहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खंधारीपुर मजरे जब्बारीपुर में हनुमान जयंती के अवसर पर आयोजित मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामले में पीड़ित मनोज कुमार ने स्थानीय पुलिस को तहरीर देकर विपक्षी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित मनोज कुमार पुत्र लल्लू प्रसाद निषाद के अनुसार, वह मेले की देख-रेख और व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। आरोप है कि 2 अप्रैल की देर रात करीब 11 बजे, गांव का ही निवासी शिवकरन निषाद पुत्र गुलाबचंद्र मेला परिसर में हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग कर रहा था। जब मनोज ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी अभद्र गालियां देने लगा।
शिकायतकर्ता का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर मारपीट पर उतारू हो गया और उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने यह भी बताया कि आरोपी ने पुलिस का डर दिखाने पर चुनौती देते हुए कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
