मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन के वार्ड 7 लोहवन में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नवीन परती की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर लिए जाने के बाद जब शिकायतकर्ता ने आवाज उठाई तो उसे परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार वार्ड 7 लोहवन निवासी शिकायतकर्ता चेतन स्वरूप ने नगर निगम में नवीन परती की भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे की शिकायत की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि पर नगर निगम के स्वामित्व का बोर्ड लगा दिया।
आरोप है कि नगर निगम की टीम के वापस जाते ही कब्जाधारियों ने उक्त बोर्ड को उखाड़कर कहीं गायब कर दिया। जब चेतन स्वरूप ने बोर्ड उखाड़े जाने की दोबारा शिकायत विभाग से की, तो इसकी भनक कब्जाधारियों को लग गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद से कब्जाधारी उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। लगातार मिल रही धमकियों से शिकायतकर्ता और उसका परिवार दहशत में है।
पीड़ित चेतन स्वरूप ने जिला प्रशासन और पुलिस से जान-माल की सुरक्षा की मांग की है और नगर निगम की भूमि को कब्जामुक्त कराने की गुहार लगाई है।
