


मथुरा (शिवशंकर शर्मा) । बीते 15 दिनों से मथुरा नगरी में एक फीचर फिल्म की शूटिंग चल रही थी। इस फिल्म का नाम है नैन और ये फिल्म एक 5 साल की छोटी सी बच्ची की कहानी है जो कि देख नहीं सकती। उसकी माँ उसे आँखे दिलाने के लिए बहुत संघर्ष करती है पर जैसा कि हम सभी जानते हैं कि सामाजिक कारणों के कारण बहुत कम लोग ही नेत्रदान करते हैं तो नैन को आँखें नहीं मिल पाती। फिल्म में बच्ची का किरदार निभाया है मिष्टी ने और उसकी माँ का किरदार निभा रहीं हैं मेघना पांचाल ने। इस फिल्म में एक और अहम् किरदार एडवोकेट मानसी है जिसको निभाया है राजश्री त्रिवेदी ने। फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं मथुरा के प्रकाश सैनी जिन्होंने पहले भी मथुरा में कई फिल्में बनाई हैं। अभी हाल ही में उनकी फिल्म “क्रैब इन अ बकेट” रिलीज़ हुई है। नैन फिल्म की कहानी लिखी है सुनीता अग्रवाल ने और इस फिल्म का निर्माण दिल्ली के एक प्रॉडक्शन हाउस “फैसवा कम्यूनिकेशन” के निर्माता योगेश अग्रवाल द्वारा किया जा रहा है। इस फिल्म के लाईन प्रोड्यूसर हैं मथुरा के जाने-माने पत्रकार गौरव शर्मा। इस फिल्म की शूटिंग पिछले 15 दिनों से मथुरा के अलग-अलग स्थानों बंगाली घाट, विश्राम घाट, होली गेट, डैम्पियर नगर, आदि में चल रही है। ऐसे फिल्म निर्माण से मथुरा का नाम तो प्रसारित होता ही है साथ ही मथुरा के बहुत से लोगों को रोजगार भी मिलता है। फिल्म की लेखिका सुनीता अग्रवाल ने बताया कि मथुरा में शूटिंग करना उनके लिए एक बहुत ही अच्छा अनुभव रहा। यहाँ के लोगों के व्यवहार ने उनका दिल जीत लिया। और मथुरा वासियों को उन्होंने भरोसा दिलाया है कि इस फिल्म की ओपनिंग वो मथुरा से ही करना चाहेंगी और साथ ही उनकी अगली फिल्म की शूटिंग भी वो मथुरा में ही करना चाहेंगी। फिल्म में काम कर रहे विभिन्न कलाकारों को होलीगेट की कचोरी-जलेबी, गोंसाई की रबड़ी व पेड़े और अरोड़ा की चाय बहुत भाई। मुंबई से आए फिल्म के सिनमाटोग्राफर सोनू पासवान को भी मथुरा की विभिन्न लोकेशन्स अच्छी लगीं और उन्होंने भी मथुरा में दोबारा शूटिंग करने की इच्छा जाहिर की। फिल्म के निर्माता योगेश अग्रवाल ने मथुरा वासियों से अपील की है कि फिल्म रिलीज़ होने पर यह फिल्म सिनेमाघरों में जाकर जरूर देखें जिससे आने वाले दिनों में और भी फिल्मों की शूटिंग मथुरा में हो और मथुरा वासियों को और अधिक रोजगार मिले।







