मथुरा। संस्कृति विश्वविद्यालय के मुख्य पुस्तकालयाध्यक्ष डा. बीके वर्मा को शिक्षा एवं अकादमिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए वेलरेड फाउंडेशन कलकत्ता द्वारा रवीन्द्रनाथ टैगोर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। डा. वर्मा की इस उपलब्धि पर संस्कृति विवि के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त किया है।
डॉ. वर्मा पिछले कई वर्षों से शिक्षा, शोध, पुस्तकालय प्रबंधन, डिजिटल लाइब्रेरी सेवाओं एवं विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में पुस्तकालय सेवाओं में आधुनिक तकनीकों का समावेश, शोध गतिविधियों को बढ़ावा, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सेमिनारों का आयोजन तथा विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अकादमिक वातावरण उपलब्ध कराने जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने डॉ. वर्मा को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरे विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। डॉ. बी. के. वर्मा ने इस सम्मान का श्रेय संस्कृति यूनिवर्सिटी के माननीय चांसलर महोदय, माननीय वाइस चांसलर महोदय, माननीय प्रो-वाइस चांसलर महोदय एवं माननीय सीईओ मैडम को देते हुए उनके निरंतर मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं सहयोग के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन के सकारात्मक सहयोग एवं प्रोत्साहन के कारण ही वे शिक्षा एवं पुस्तकालय सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर सके।
डॉ. वर्मा ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि शिक्षा एवं पुस्तकालय विज्ञान के क्षेत्र में कार्यरत सभी शिक्षकों, पुस्तकालयाध्यक्षों एवं शोधकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि “रवीन्द्रनाथ टैगोर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड” शिक्षा, साहित्य, समाज सेवा एवं अकादमिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाता है।

