
पीडीए आरक्षण में किया गया बड़ा घोटाला: रितु गोयल
मथुरा। समाजवादी पार्टी महानगर मथुरा कार्यालय पर पीडीए (पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक) आरक्षण के विषय पर प्रेस वार्ता में बोलते हुए महानगर अध्यक्ष श्रीमती ऋतु गोयल ने कहा कि वर्ष 2019 से अब तक विभिन्न सरकारी भर्तियों में पीडीए वर्ग के आरक्षण के साथ लगातार अन्याय किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 22 भर्तियों में कुल 11,514 आरक्षित पदों की लूट की गई है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 की 69 हजार शिक्षक भर्ती में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए था, लेकिन मात्र 3.86 प्रतिशत आरक्षण दिया गया, जिससे ओबीसी वर्ग के आरक्षण में 23.14 प्रतिशत की कटौती हुई। इसी प्रकार अनुसूचित जाति वर्ग को 21 प्रतिशत आरक्षण के स्थान पर केवल 16.2 प्रतिशत आरक्षण मिला, जिससे उनके अधिकारों का भी हनन हुआ।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 की वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती में कुल 655 पद थे, जिनमें ओबीसी, एससी एवं एसटी वर्ग के लिए 328 पद आरक्षित होने चाहिए थे, लेकिन केवल 240 पद आरक्षित किए गए, जिससे 88 आरक्षित पदों की लूट हुई।
इसी प्रकार वर्ष 2021 में बांदा कृषि विश्वविद्यालय भर्ती में कुल 15 पदों में से 7 पद आरक्षित होने चाहिए थे, लेकिन केवल 2 नियुक्तियां आरक्षित वर्ग को दी गईं और 5 पदों की लूट की गई।
श्रीमती गोयल ने कहा कि वर्ष 2023 की ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती, जो सबसे बड़ी भर्तियों में से एक थी, उसमें कुल 1468 पद थे। इनमें पीडीए वर्ग के लिए 734 पद आरक्षित होने चाहिए थे, लेकिन केवल 502 पद आरक्षित किए गए, जिससे 232 आरक्षित पदों की लूट हुई।
इन सबके अलावा भी विभिन्न विभागों में हजारों आरक्षित पदों की लूट हुई है
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान और सामाजिक न्याय की पक्षधर पार्टी है तथा भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे आरक्षण घोटाले को जनता के बीच उजागर करने का कार्य करेगी।
