रायबरेली ब्यूरो धीरेन्द्र शुक्ल की रिपोर्ट
ऊंचाहार (रायबरेली)। ऊंचाहार थाना क्षेत्र के गोकना घाट पर गंगा किनारे पूजा-पाठ करा रहे एक पुरोहित और उनके वृद्ध पिता पर दबंगों द्वारा जानलेवा हमला करने, लूटपाट और अवैध कब्जा करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित गजेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह पूरी घटना 24 जून की सुबह करीब 7:30 बजे की है।
पीड़ित का आरोप है कि जब वह अपनी धर्मशाला के सामने जजमान को अनुष्ठान करा रहे थे, तभी गांव के ही कर्मराज मिश्रा, शिवलोचन मिश्रा और शिवबचन मिश्रा सहित मिश्रा परिवार के करीब दर्जनभर लोग लाठी, डंडा, लोहे की सरिया और कुल्हाड़ी जैसे घातक हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पीड़ित के पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब पीड़ित ने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया, तो उसका मोबाइल छीन लिया गया। जान बचाने के लिए पीड़ित जब धर्मशाला के अंदर भागा, तो दबंगों ने वहां का गेट और सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ डाले।
₹13,000 की लूट और अवैध कब्जा
शिकायत के मुताबिक, पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी वहां से भाग निकले। लेकिन बाद में दबंगों ने घाट पर रखे पीड़ित के तख्त और चौकियों को उठाकर गंगा जी में फेंक दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी तख्त पर रखे ₹13,000 नकद और जरूरी कागजात भी लूट ले गए और उनके बैठने के स्थान पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से जान-माल की सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
