
मथुरा। ब्रज संगीत विद्यापीठ में गुरुवार को नंद उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्रीकृष्ण जन्म के बाद नंद बाबा के घर बधाई के इस पारंपरिक उत्सव को बच्चों ने बड़े उत्साह और भक्ति भाव से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विद्यापीठ के छात्र-छात्राओं ने ब्रज के पारंपरिक बधाई गीत – ‘नंद घर आनंद भयो’ सहित अनेक लोकगीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। ढोलक-मंजीरे की थाप पर बच्चों के गीतों ने ऐसा समां बांधा कि उपस्थित सभी श्रोता आनंदित हो उठे।
कार्यक्रम की संयोजक श्रीमती शालिनी शर्मा ने कहा कि ब्रज की संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना ही विद्यापीठ का मुख्य उद्देश्य है। नंद उत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि ब्रज की आत्मा है।
इस अवसर पर संस्था की प्रमुख सुनीता अग्रवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति लगाव बढ़ता है। कार्यक्रम में बीना बंसल, गीता, ब्रजराज, भूमि गोस्वामी, भूमि अग्रवाल, सोनिया, प्रियांशु, कृष्णागी शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग एवं अभिभावक मौजूद रहे।
