रायबरेली ब्यूरो धीरेन्द्र शुक्ला की रिपोर्ट
रायबरेली के ऊँचाहार कोतवाली क्षेत्र में एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।पीड़िता के अनुसार, गांव के ही एक युवक ने लगभग तीन वर्ष पहले उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया था। विश्वास जीतने के बाद, आरोपी ने उससे शादी का वादा किया। इसी बहाने वह पीड़िता को विभिन्न स्थानों पर ले गया और कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।जब इस संबंध की जानकारी दोनों परिवारों और गांव के गणमान्य व्यक्तियों को हुई, तो एक पंचायत बुलाई गई। पंचायत में आरोपी और उसके पिता ने शादी के लिए तीन महीने का समय मांगा था।
हालांकि, तय समय बीतने के बाद आरोपी ने पीड़िता से बातचीत बंद कर दी और अपना फोन भी बंद कर लिया। जब पीड़िता के पिता शादी की बात को आगे बढ़ाने के लिए आरोपी के घर पहुंचे, तो आरोपी पक्ष ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि आरोपी के पिता ने पीड़िता के पिता को गालियां दीं, उन्हें अपमानित किया और धमकी देते हुए शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
पीड़िता ने बुधवार को पुलिस से इस पूरे मामले को दर्ज कर उचित वैधानिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
इस संबंध में, कोतवाल अजय कुमार राय ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
