कोतवाली पुलिस पर शिकायत न लेकर भगाए जाने का आरोप
रायबरेली ब्यूरो धीरेन्द्र शुक्ला की रिपोर्ट
ऊंचाहार , रायबरेली । एक दिव्यांग महिला के साथ चार लोगों ने मिलकर बड़ी साजिश की है । उससे जमीन के लिए करीब साढ़े नौ लाख रूपये ले लिए और फर्जीवाड़ा करके दूसरे की जमीन का बैनामा कर दिया । मामले की जानकारी हुई तो उसे कूट रचित चेक पकड़ा दिया । मजेदार बात यह है कि दिव्यांग जब कोतवाली में शिकायत करने गई तो उसे वहां से भगा दिया गया । अब पीड़िता ने एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है ।
मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव पिपरहा गांव का है । गांव की दिव्यांग महिला सुरेखा का कहना है कि पड़ोस के गांव बरगदही के एक व्यक्ति से जान पहचान होने के कारण वह उसके झांसे में आ गई । उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर साजिश रची और एक भूखंड के विक्रय का सौदा नौ लाख 33 हजार रुपए में कर डाला । यही नहीं निबंधन कार्यालय में भूमि का बकायदा बैनामा भी हो गया । महिला ने जब लेखापाल से मिलकर भूमि पर कब्जे की बात की तो पता चला कि वह भूमि तो किसी अन्य व्यक्ति की है । इसके बाद महिला के होश उड़ गए । उसने भूमि विक्रेताओं से संपर्क किया और कार्रवाई की बात की तो महिला को रूपये वापस करने का आश्वासन देकर शांत करवा दिया। बाद के महिला को उन लोगों ने तीन बार चेक दिया किंतु सारे चेक कूट रचित निकले । किसी चेक में ओवर राइटिंग थी तो किसी में हस्ताक्षर ही किसी दूसरे के थे । परेशान होकर महिला कोतवाली पहुंची तो वहां भी उसके साथ गलत हुआ । महिला का आरोप है कि प्रभारी निरीक्षक और सिपाही ने विपक्षियों से मिलकर उसका शिकायती पत्र तक लेने से इनकार कर दिया और उसको कोतवाली से भगा दिया । हर तरफ से पीड़ित महिला ने एब एसपी से मुलाकात की और न्याय की गुहार लगाई है । उधर कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि महिला आपस में समझौता कर चुकी है । कोतवाली में भी दूसरे पक्ष से वार्ता करके सहमति बनी थी । इस मामले के ताजा प्रकरण की जानकारी नहीं है।
