नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, मथुरा की 60वीं छ:माही बैठक संपन्न

admin
By
admin
4 Min Read

मथुरा। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), मथुरा की 60वीं छमाही बैठक दिनाँक 09 दिसम्बर, 2025 को श्री मुकुल अग्रवाल, अध्‍यक्ष, नराकास मथुरा एवं कार्यकारी निदेशक व रिफाइनरी प्रमुख की अध्यक्षता में मथुरा रिफाइनरी नगर के एम्प्लोईज़ क्‍लब में आयोजित की गई। बैठक में मुख्‍य अतिथि के रूप में डॉ छबिल कुमार मेहेर, उप निदेशक (कार्यान्वयन), राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय (उत्तर-2) गाजियाबाद ने सहभागिता की।
बैठक का शुभारंभ वंदे मातरम गीत एवं उच्‍चाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्‍ज्‍वलन से किया गया। श्री मुकुल अग्रवाल ने बैठक में उपस्थित सदस्य कार्यालयों के कार्यालय प्रमुखों एवं उनके प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि राजभाषा नीति का अनुपालन तथा सरकारी काम-काज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने में राजभाषा विभाग की अहम भूमिका है । हम सभी भारत सरकार की राजभाषा नीति के बारे में अच्‍छी तरह से जानते हैं, फिर भी कार्यालयों के काम-काज में राजभाषा के प्रयोग की स्थिति की निरंतर समीक्षा किया जाना आवश्‍यक है। उन्होंने कहा कि नराकास, मथुरा जिले में स्थित सभी सदस्य कार्यालयों का एक संयुक्त मंच है, जिसका उद्देश्य सदस्य कार्यालयों में राजभाषा के प्रगामी प्रयोग को बढ़ावा देना और राजभाषा नीति के कार्यान्वयन के मार्ग में आ रही कठिनाइयों को दूर करना है।
इसके पूर्व बैठक में सभी का स्वागत करते हुए श्री अनिल कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने राजभाषा के प्रति लगाव देश प्रेम का ही एक रूप है तथा केंद्रीय सरकार के कार्यालयों एवं उपक्रमों में राजभाषा नीति, नियमों एवं अधिनियमों का अनुपालन लक्ष्य के अनुरूप करना आवश्‍यक है।
डॉ छबिल कुमार मेहेर ने सदस्य कार्यालयों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर राजभाषा कार्यान्वयन की दिशा में हो रही प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजभाषा विभाग के वार्षिक कार्यक्रम को लागू करना तथा संघ की राजभाषा नीति का पूर्णत: अनुपालन करना प्रत्येक कार्यालय प्रमुख की जिम्मेदारी है। छमाही में समिति कार्यालयों में हुई हिंदी प्रगति पर संतोष प्रकट करते हुए उन्होने धारा 3(3) का अक्षरश: पालन करने के लिए कहा। बैठक में राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट निष्पादन हेतु वर्ष 2024-25 के लिए सदस्य कार्यालयों को राजभाषा शील्ड प्रदान की गई जिसमें केनरा बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय, मथुरा को प्रथम, भारतीय स्‍टेट बैंक (मुख्‍य शाखा) को द्वितीय, हिंदुस्‍तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लि. मथुरा को तृतीय राजभाषा शील्ड एवं भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लि. मथुरा एवं यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, मथुरा को प्रोत्साहन प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया। बैठक में अध्‍यक्ष कार्यालय नराकास मथुरा द्वारा नगर स्तरीय एक नवीनतम विशेष पहल की गई जिसमें नराकास मथुरा के वह सदस्‍य कार्यालयों के कार्यलय प्रमुख जिन्‍होंने नराकास मथुरा की पिछली तीन बैठकों में लगातार भाग लिया व राजभाषा विभाग के वार्षिक कार्यक्रम, धारा 3(3) का अक्षरश: पालन तथा संघ की राजभाषा नीति का पूर्णत: अनुपालन किया । उन सभी सदस्‍य कार्यालयों के कार्यलय प्रमुखों को प्रोत्‍साहन पुरस्‍कार से बैठक में सम्मानित किया गया।
सुश्री रेनू पाठक, वरिष्‍ठ प्रबन्धक (कॉर्पोरेट संचार), मथुरा रिफाइनरी ने नराकास, मथुरा की छमाही प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की । बैठक में श्री दीप चंद वर्मा, महाप्रबंधक (कर्मचारी सेवाएं, प्रबंधन सेवाएं, अधिगम एवं विकास), मथुरा रिफाइनरी, सदस्य कार्यालयों (केंद्र सरकार, उपक्रमों, बैंक, विद्यालयों और बीमा कंपनियों) के कार्यालय प्रमुखों और राजभाषा अधिकारियों / प्रभारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया ।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *