ब्यूरो चीफ अनिल अवस्थी
औरैया, 03 अप्रैल 2026: जनपद में आगामी जनगणना-2027 के सफल संचालन हेतु उप जिलाधिकारियों एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य हेतु सुपरवाइजर एवं प्रगणक के रूप में ऐसे कार्मिकों का चयन किया जाए जो योग्य होने के साथ डिजिटल कार्यों में दक्ष हों। उन्होंने स्व-गणना (Self Enumeration) को प्रभावी बनाने पर बल देते हुए कहा कि सरकारी तंत्र से जुड़े सभी कार्मिक अपने परिवार का विवरण स्वयं ऑनलाइन अपलोड करें। इसके लिए लगभग 50 प्रतिशत मकान सूचीकरण का कार्य स्व-गणना के माध्यम से पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रमुख जनगणना अधिकारी ने जानकारी दी कि जनगणना-2027 देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी। यह देश की 16वीं तथा स्वतंत्रता के बाद की आठवीं जनगणना है। इसे दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। प्रथम चरण में 22 मई से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं गणना होगी, जबकि द्वितीय चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि नागरिक 7 से 21 मई 2026 के बीच सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी भर सकते हैं। साथ ही, जनगणना में जीआईएस आधारित मानचित्रों एवं डिजिटल ऐप्स का उपयोग कर सम्पूर्ण कवरेज सुनिश्चित किया जाएगा। जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी अविनाश चन्द्र मौर्य ने जनगणना की प्रक्रिया, समय-सीमा और कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इससे सामाजिक, आर्थिक एवं आवासीय स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्र होंगे, जो भविष्य की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में सहायक होंगे। उन्होंने बताया कि मकान सूचीकरण के दौरान कुल 33 प्रकार की सूचनाएं एकत्र की जाएंगी, जिनमें भवन उपयोग, निर्माण सामग्री, कमरों की संख्या, स्वामित्व, शौचालय, ऊर्जा स्रोत, एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन, खाद्यान्न उपभोग एवं फोन, वाहन, टीवी, इंटरनेट जैसी सुविधाएं शामिल हैं। सभी सूचनाएं डिजिटल माध्यम से सुरक्षित रूप से संकलित की जाएंगी और पूर्णतः गोपनीय रहेंगी। कार्यक्रम के पश्चात जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवों के साथ बैठक कर उन्हें स्व-गणना के प्रति जागरूकता फैलाने एवं आमजन को प्रेरित करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद सहित सभी उप जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
