रायबरेली ब्यूरो धीरेन्द्र शुक्ला की रिपोर्ट
रायबरेली के ऊँचाहार कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हमीरपुर बड़ागांव में मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। आरोप है कि गांव के ही एक दबंग व्यक्ति ने सार्वजनिक काली माता मंदिर की नवनिर्मित बाउंड्री वॉल को ढहा दिया और विरोध करने पर प्रार्थना पत्र देने वाली महिला के साथ गाली-गलौज व मारपीट की कोशिश की।
ग्राम हमीरपुर बड़ागांव की निवासिनी गुड्डू देवी पत्नी संतोष बिहारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह ग्राम सभा स्थित काली माता मंदिर के प्रांगण में गांव वालों की सहमति से जल निकासी हेतु खड़ंजा और चहारदीवारी (बाउंड्री वॉल) का निर्माण करवा रही थीं। आरोप है कि रविवार की सुबह करीब 9 बजे गांव का ही शिव सिंह पुत्र तेजभान वहां पहुंचा और मंदिर की दीवार को तोड़ दिया। मना करने पर
अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने लगा पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस अवैध कार्य का विरोध किया, तो विपक्षी शिव सिंह उग्र हो गया और भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए मारपीट पर आमादा हो गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति झगड़ालू और गुंडा किस्म का है, जो अपने रसूख के बल पर सार्वजनिक मंदिर की भूमि को अपनी पुश्तैनी जमीन बताकर कब्जा करना चाहता है।
घटना से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। पीड़िता गुड्डू देवी ने कोतवाली प्रभारी को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की जांच करने और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
