रायबरेली ब्यूरो धीरेन्द्र शुक्ल की रिपोर्ट
ऊंचाहार (रायबरेली)। ऊंचाहार के हर्ष हॉस्पिटल में चिकित्सा लापरवाही का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पूरे बहराम गांव की रहने वाली सुमित्रा देवी को बीते 23 मई को पेट में दर्द उठा था, जिसके बाद उन्हें हर्ष हॉस्पिटल लाया गया। डॉक्टरों ने फेफड़ा सड़ने का दावा करते हुए मरीज का बड़ा ऑपरेशन कर दिया और इस एवज में उनसे 1,17,000 रुपये भी वसूल लिए।
ऑपरेशन के बाद जब मरीज की हालत बिगड़ने लगी, तो अस्पताल ने उन्हें बिना रेफर पेपर के रायबरेली के शुभ हॉस्पिटल और फिर वहां से लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में जब मरीज की दोबारा जांच कराई गई, तो सच्चाई जानकर परिजनों के होश उड़ गए। जांच में पता चला कि सुमित्रा देवी का फेफड़ा और अन्य अंग पूरी तरह स्वस्थ हैं, और उनका यह ऑपरेशन पूरी तरह फर्जी तरीके से किया गया था।
इस घटना के बाद पीड़िता के बेटे मोहित ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) से लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, जांच में यह भी सामने आया है कि यह अस्पताल जिलाधिकारी के आदेशों की धज्जियां उड़ाकर बेसमेंट में चल रहा था। इसके अलावा, अस्पताल के मेडिकल स्टोर का रजिस्ट्रेशन नहीं है और न ही हॉस्पिटल के लाइसेंस का नवीनीकरण (रिन्यूअल) कराया गया है। फिलहाल वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।
