कैलाश मंदिर में सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम
आगरा। पवित्र श्रावण मास के आगामी द्वितीय सोमवार को लेकर ताजनगरी के शिवालयों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना सिकंदरा क्षेत्र के यमुना तट पर स्थित सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक कैलाश महादेव मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। श्रद्धालुओं को सुगम व सुरक्षित “शुभम दर्शन” लाभ प्रदान करने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए पुलिस उपायुक्त ने पुलिस बल के साथ मंदिर और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया।चप्पे-चप्पे को खंगाला, बैरिकेडिंग और कांवड़ मार्ग को परखा निरीक्षण के दौरान डीसीपी सिटी अली अब्बास ने मंदिर परिसर, प्रवेश व निकास द्वारों, जलाभिषेक स्थल और बैरिकेडिंग व्यवस्था की बारीकी से जांच की। उन्होंने सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने की हिदायत दी और कहा कि भक्तों को दर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सावन के दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण से कांवड़ मार्गों और घाटों की निगरानी को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क किया गया है।
भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस कमिश्नर के निर्देशों के तहत मंदिर परिसर को हाई-टेक निगरानी में रखा जा रहा है। डीसीपी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया गया है। सावन के दूसरे सोमवार के दौरान भीड़ की स्थिति और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद भी ली जाएगी। इसके साथ ही सादे कपड़ों में महिला व पुरुष पुलिसकर्मी (इंटेलिजेंस विंग) भीड़ के बीच तैनात रहेंगे।
पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। मंदिर की ओर आने वाले भारी व मध्यम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए ‘एन्टी रोमियो स्क्वाड’ और महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है।भ्रमण के अंत में पुलिस उपायुक्त ने संबंधित थाना प्रभारी और एसीपी को निर्देशित किया कि वे लगातार मंदिर प्रबंधन के संपर्क में रहें। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले या अफवाह फैलाने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

