1200 किलो पनीर व 3000 लीटर मिश्रित दूध नष्ट

admin
By
admin
3 Min Read

नकली पनीर बनाने वाली डेयरी पर एफएसडीए का छापा


मथुरा/कोसीकलां। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने शनिवार को शाहपुर रोड स्थित गोपाल बाग क्षेत्र में संचालित एक डेयरी पर छापेमारी कर नकली पनीर बनाने के बड़े गोरखधंधे का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान लगभग 1200 किलोग्राम नकली पनीर तथा 3000 लीटर मिश्रित दूध बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। साथ ही डेयरी परिसर को सील कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय जतिन कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में मिलावटी एवं अधोमानक खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस बल के सहयोग से एफएसडीए की टीम ने शाहपुर रोड स्थित गोपाल बाग में संचालित कल्लू डेयरी पर छापा मारा।
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि डेयरी में पाउडर और पामोलिन ऑयल के मिश्रण से नकली पनीर तैयार किया जा रहा था। मौके से करीब 1200 किलो नकली पनीर और 3000 लीटर मिश्रित दूध बरामद हुआ। खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत पाए गए इन उत्पादों को गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया।
एफएसडीए टीम ने पनीर, दूध, घी और क्रीम सहित पांच खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। इसके अलावा नकली पनीर निर्माण में प्रयुक्त पाउडर, रिफाइंड एवं घी को भी सीज कर दिया गया। गंभीर अनियमितताएं मिलने पर डेयरी का खाद्य लाइसेंस निरस्त करते हुए परिसर को सील कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान आरएसडी डेयरी से भी पनीर का एक नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल छह नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम नरेश सिंह, जितेंद्र सिंह, अरुण राणा, धर्मेंद्र सिंह तथा मोहर सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। एफएसडीए की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *