
मथुरा। शारीरिक ऊर्जा, मानसिक स्पष्टता और भावनात्मक सेहत को बनाए रखने के उदेश्य से मथुरा रिफाइनरी ने आज 21 जून, 2026 को सुबह 06:30 बजे 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को विषय “Yoga for Healthy Ageing” अर्थात् “स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु के लिए योग” पर मनाया। इस अवसर पर आज सुबह टाउनशिप के सामुदायिक केंद्र में बड़ी संख्या में मथुरा रिफाइनरी परिवार के सदस्य योग करने हेतु एकत्रित हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री मुकुल अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, मथुरा रिफाइनरी द्वारा सभी को योग प्रतिज्ञा दिलवाने के साथ हुई। इस अवसर पर सभी को श्री आर बी अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में विभिन्न योग आसन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया गया तथा इससे होने वाले लाभों को बताया गया।
इस अवसर पर बोलते हुए श्री मुकुल अग्रवाल ने उल्लेख किया कि कि योग हमें शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से मजबूत बनाता है अत: हमें प्रतिदिन योग करना चाहिए तथा योग करने के लिए समाज में जागरूकता बढ़ानी चाहिए और सभी लोगों को प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग आत्म-साक्षात्कार करने के लिए एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग स्वास्थ्य के प्रति एक समग्र दृष्टिकोण है, जो हमारे श्वास व्यायाम, ध्यान और नैतिक सिद्धांतों को एकीकृत करता है।
उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि इस वर्ष का विषय “Yoga for Healthy Ageing” अर्थात् “स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु के लिए योग” बहुत ही उपयोगी है और योग केवल वर्तमान को स्वस्थ बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि जीवन के प्रत्येक चरण में सक्रियता, संतुलन और सकारात्मकता बनाए रखने का आधार भी है। नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है, बल्कि मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन एवं बेहतर जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
