संस्कृति विवि के नर्सिंग छात्रों ने चलाया स्वास्थ्य जागरूकता अभियान

admin
By
admin
2 Min Read

मथुरा। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर संस्कृति विश्वविद्यालय, मथुरा के स्कूल ऑफ नर्सिंग के बी.एससी. नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने जयगुरुदेव अस्पताल तथा दादी गढ़ी गांव में स्वास्थ्य शिक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम का संचालन क्लिनिकल इंस्ट्रक्टर अजय चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य माताओं एवं उनके परिजनों को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना था। नर्सिंग छात्रों ने पोस्टर, बैनर एवं व्यक्तिगत परामर्श के माध्यम से माताओं को बताया कि नवजात शिशु को जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराना तथा जन्म के बाद पहले छह माह तक केवल स्तनपान कराना उसके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
छात्रों ने माताओं को स्तनपान कराने की सही स्थिति एवं तकनीक, मां और बच्चे के स्वास्थ्य पर इसके लाभ, मां-बच्चे के बीच भावनात्मक जुड़ाव तथा स्तनपान से जुड़ी विभिन्न भ्रांतियों के बारे में जानकारी दी। अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा गया और आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ ने नर्सिंग छात्रों के प्रयासों की सराहना की। स्कूल ऑफ नर्सिंग के विभागाध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार के सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों से नर्सिंग विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है। साथ ही, ऐसे प्रयासों के माध्यम से समाज में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *