अलीगढ़। थाना गभाना क्षेत्रान्र्तगत हाईवे महरावल पुल के पास तीन स्कूल और एक निजी बस में आग लगने से हड़कम्प मच गया। आग ने इतना उग्र रूप धारण कर लिया कि कुछ ही देर में बसें जलकर राख हो गईं। गनीमत रही कि उन बसों में कोई सवार नहीं था। सूचना पर हरदुआगंज, बन्ना देवी, गभाना से दमकल ने पहुंच कर आग बुझाई। तब तक चार बसें जलकर राख हो गईं। जिससे हाईवे पर जाम भी लग गया। सूचना पर सीओ गभाना, सीएफओ ने पहुंच कर घटना स्थल का जायजा लिया और आग लगने के कारणों के बारे में जानकारी ली।
मिली जानकारी के अनुसार गभाना हाईवे महरावल पुल के पास जाकिर का गेराज है। जहां दो बापू कॉन्वेंट स्कूल, एक पावना स्कूल व एक निजी बस में काम करने के लिए आईं थीं। जाकिर ने बताया कि गुरूवार को एक निजी बस में काम चल रहा था। अचानक बस में से चिंगारी उठने लगी। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गैराज में खड़ी तीन बसें भी आग की चपेट में आ गईं,आग लगते ही हाईवे पर वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई।
इनका कहना है…
इसस सबंध में सीएफओ मुकेश कुमार का कहना है कि गभाना थाना अंतर्गत गुरूवार की प्रातः भांकरी स्थित ट्रांसपोर्ट में गाड़ियों में आग लगने की सूचना मिली। सूचना पर तत्काल फायर सर्विस टीम एवं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ियों में लगी आग को बुझाया। जानकारी करने पर पता चला कि तीन स्कूल की बस व एक प्राइवेट ट्रांसपोर्ट की बस में आग लग गई थी। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, मौके पर शांति है।

