आरोपों के विरोध में अभाविप ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन

admin
By
admin
3 Min Read

मथुरा। गोविंद नगर थाना क्षेत्र स्थित बिड़ला मंदिर के पास संचालित बालाजी मेमोरियल स्कूल में नाबालिग छात्रा के साथ हुए कथित अमानवीय व्यवहार और अभाविप कार्यकर्ताओं पर लगाए गए ₹2.50 लाख की रंगदारी मांगने के आरोपों के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।

सुबह करीब 10:30 बजे सैकड़ों छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान अभाविप पदाधिकारियों ने भारतीय न्याय संहिता किशोर न्याय अधिनियम तथा शिक्षा का अधिकार अधिनियम की धाराओं का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और दोषियों पर कार्रवाई के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम दिया।

अभाविप पदाधिकारियों ने बताया कि 8 मई 2026 को विद्यालय में एक नाबालिग छात्रा की तबीयत खराब होने के कारण उसे उल्टी हो गई थी। आरोप है कि विद्यालय प्रशासन ने छात्रा के साथ संवेदनशील व्यवहार करने के बजाय उसे प्रताड़ित किया। इतना ही नहीं, जब पीड़ित छात्रा के बुजुर्ग परिजन न्याय मांगने स्कूल पहुंचे तो उनसे कथित रूप से जबरन स्कूल परिसर में पोछा लगवाया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर अभाविप जिला मथुरा ने 14 मई को स्कूल परिसर में बड़ा लोकतांत्रिक आंदोलन किया था। संगठन का दावा है कि आंदोलन के दबाव में स्कूल प्रबंधन ने लिखित रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफीनामा दिया था।
अभाविप नेताओं ने आरोप लगाया कि अब कानूनी कार्रवाई के डर से स्कूल प्रबंधन संगठन के कार्यकर्ताओं पर ₹2.50 लाख की अवैध वसूली मांगने का झूठा और मनगढ़ंत आरोप लगा रहा है। साथ ही कुछ फर्जी और असत्यापित यूट्यूब चैनलों के माध्यम से भ्रामक प्रचार भी कराया जा रहा है।
संगठन ने प्रशासन से मांग की कि बालाजी मेमोरियल स्कूल की मान्यता तत्काल निरस्त की जाए तथा स्कूल की फायर सेफ्टी, बिल्डिंग फिटनेस और अन्य मानकों की उच्चस्तरीय संयुक्त जांच कराई जाए।

अभाविप कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो विद्यार्थी परिषद पूरे मथुरा जनपद में चक्का जाम कर उग्र आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में विभाग संगठन मंत्री दिव्यांशु पचौरी, विभाग सह संयोजक अमन शर्मा, महानगर सह मंत्री कान्हा चतुर्वेदी,अमन पांडेय, जिला सह संयोजक योगेंद्र चौधरी, प्रांत सह छात्रा प्रमुख निशा निषाद, प्रांत कार्यकारणी सदस्य उमंग अग्रवाल,साधना प्रजापति,अनमोल दुबे, विनीता शर्मा, प्रीति पटेल, हर्ष सक्सेना, इंद्र सैनी, महेश, विवेक, हरे कृष्ण कौशिक, शशांक गौर, दीपक शर्मा, शेखर,सुमित लालवानी सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *