जी.एल. बजाज में लगी वी शेयर, वी केयर प्रदर्शनीछात्र-छात्राओं ने दिया समाज में प्रेम और सहयोग का संदेश

admin
By
admin
3 Min Read


मथुरा। छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ सामाजिक मूल्यों से रूबरू कराने के लिए जी.एल. बजाज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, मथुरा में “वी शेयर, वी केयर 6.0” प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का गरीब परिवारों को न केवल फायदा मिला बल्कि उन्होंने इसके लिए संस्थान के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का आभार भी माना। “वी शेयर, वी केयर 6.0” प्रदर्शनी के शुभारम्भ अवसर पर संस्थान की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी ने अपने सम्बोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति सदा से प्रेम, भाईचारे, सहानुभूति और परस्पर सम्मान की भावना का प्रतीक रही है। हमारे तीज-त्योहार इसी गंगा-जमुनी परम्परा के उज्ज्वल दर्पण हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पर्व अपने भीतर एक गहरा संदेश समेटे होता है। यह हमारे जीवन में नई ऊर्जा, उमंग और आनंद का संचार करते हैं तथा हमें हमारी जड़ों और संस्कृति से जोड़े रखते हैं। प्रो. अवस्थी ने कहा कि जी.एल. बजाज “वी शेयर, वी केयर 6.0” प्रदर्शनी के माध्यम से यह संदेश देना चाहता है कि कोई वस्तु कभी बेकार नहीं होती। हमें अपने जीवन के हर क्षण को आनंदपूर्वक जीना चाहिए, साथ ही दूसरों की खुशी का माध्यम भी बनना चाहिए। यही भारतीय संस्कृति की सच्ची पहचान है। इस विशेष प्रदर्शनी में संस्थान के प्राध्यापकों, छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों ने अपने घरों की वे वस्तुएं रखीं जो उनके लिए भले ही अनुपयोगी रही हों लेकिन कुछ लोगों के लिए बहुत उपयोगी साबित हुईं। इन वस्तुओं में कपड़े, किताबें, खिलौने, घरेलू सामग्री और कई आवश्यक वस्तुएँ शामिल रहीं। “वी शेयर, वी केयर 6.0” प्रदर्शनी का आयोजन संस्थान के एनवायरनमेंट एवं सोशल क्लब तथा आई.आई.सी. के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य समाज में सहयोग, करुणा और दया की भावना को बढ़ावा देना रहा। आयोजकों ने संदेश दिया कि “यहाँ से कुछ न कुछ लेकर जाना अनिवार्य है, चाहे वह वस्तु हो या प्रेरणा।” इस विशिष्ट प्रदर्शनी के संयोजक सतेन्द्र सिंह और आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि “वी शेयर, वी केयर” प्रदर्शनी संस्थान की निरंतर चलने वाली एक सामाजिक पहल है, जिसे पिछले पाँच वर्षों से सफलता के साथ आयोजित किया जा रहा है। दीपावली के अवसर पर लगने वाली यह प्रदर्शनी अब न केवल विद्यार्थियों बल्कि आसपास के समाज में भी उत्सुकता और आकर्षण का केंद्र बन चुकी है।
कार्यक्रम में छात्र समन्वयक के रूप में प्रिंस गुप्ता, शिवम पाल, विदुषी सिंह और सुकृति मिश्रा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी विद्यार्थियों ने आपसी सहयोग और टीमभावना से इस प्रदर्शनी को सफल बनाया। “वी शेयर, वी केयर 6.0” प्रदर्शनी ने न केवल सहयोग, संवेदना और मानवीयता का संदेश दिया बल्कि विद्यार्थियों को यह भी सिखाया कि शिक्षा तभी सार्थक है जब वह समाज की सेवा के भाव से जुड़ी हो। यह प्रदर्शनी संस्थान की सामाजिक प्रतिबद्धता और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण का सजीव उदाहरण बनी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *