इस्लामिया इंटर कॉलेज में महा वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

admin
By
admin
2 Min Read

मथुरा। ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति (रजि.) उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में मंगलवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज, मथुरा में महा वृक्षारोपण अभियान–2026 के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक अग्रवाल ने प्रथम पौधा लगाकर किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस्लामिया इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य साजिद इकबाल ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है, ताकि वे प्रकृति के प्रति अपने दायित्व को समझें और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने में सहभागी बनें।

ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति (रजि.) उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी उन्हीं को सौंपी गई है। इससे उनमें प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित होगी और अभियान का उद्देश्य भी सार्थक होगा।

समिति एवं भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द, राष्ट्रीय चेतना और आपसी भाईचारे को भी सुदृढ़ करते हैं। इस अवसर पर महा वृक्षारोपण अभियान में सहयोग के लिए प्रधानाचार्य साजिद इकबाल को स्मृति-चिह्न एवं देशभक्ति से प्रेरित दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में श्याम शर्मा, अर्जुन पंडित, बृजभान गोस्वामी, मोहम्मद इरशाद, मोहम्मद इमरान, डॉ. राजवीर सिंह, राजेंद्र सिंह, संजय प्रसाद, रोहित वर्मा, अजय कुमार, हर्ष सैनी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *