मथुरा। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक हरपाल गुट ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन डीएम मथुरा को सौंपा।
धरने का नेतृत्व बीकेयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. हरपाल सिंह राणा ने किया, जबकि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शुभम शर्मा एडवोकेट ने की। इस दौरान संगठन मंत्री आगरा मंडल रामजीलाल उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष हीतरमल शर्मा, सूर्यवीर चौधरी, जिला महामंत्री अमित रावत, बच्चू सिंह, जिला सचिव मेघश्याम शर्मा, कौशल पाठक सहित बड़ी संख्या में किसान पदाधिकारी मौजूद रहे।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और भूख हड़ताल के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
किसानों की प्रमुख मांगें
- किसानों के सभी प्रकार के कर्ज माफ किए जाएं।
- यूरिया की कालाबाजारी पर रोक लगाई जाए।
- नहरों व नालों की सफाई कर सिंचाई के लिए पानी की समुचित व्यवस्था की जाए।
- धान की रोपाई हो चुकी है लेकिन पानी न मिलने से फसल सूख रही है। किसानों को मुआवजा दिया जाए।
- आलू की फसल का समर्थन मूल्य 1000 रुपये प्रति क्विंटल तय हो। कोल्ड स्टोर का किराया सरकार वहन करे और 500 रुपये प्रति क्विंटल सहायता राशि दी जाए।
- भारत-अमेरिका व्यापार समझौता रद्द किया जाए।
ज्ञापन में किसानों ने कहा कि सरकार को तत्काल उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए, अन्यथा आंदोलन तेज किया जाएगा।

